सीएम योगी ने जनप्रतिनिधियों की लगाई फटकार, जनता तक क्यों नहीं पहुंच रहीं योजनाएं
हर पल न्यूज ब्यूरो बदायूँ । करीब 1 घंटे 45 मिनट विलंब से आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भाजपा ब्रज क्षेत्र के सांसद और विधायकों से विकास कार्यों का ब्योरा तलब किया। मुख्यमंत्री ने सभी विधायकों और सांसदों की फटकार लगाते हुए पूछा कि केंद्र और प्रदेश की योजनाओं का जनता को लाभ क्यों नहीं मिल रहा? आखिर कमी कहां आ रही है। सीएम ने सभी जनप्रतिनिधियों को निर्देश दिए कि योजनाओं को जनता के बीच ले जाएं, उन्हें लाभान्वित करें। उन्होंने आगामी लोकसभा चुनावों के मद्देनजर भाजपा की तैयारियों का भी जायज़ा लिया।
सीएम योगी अदित्यनाथ आज रविवार को बदायूं में रहे सीएम के आने का समय दोपहर 2 बजकर 15 मिनट निर्धारित था। करीब तीन बजकर पचपन मिनट पर मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर पुलिस लाइंस पर उतरा। पुलिस लाइंस में सलामी लेने के बाद मुख्यमंत्री सीधा कलेक्ट्रेट सभागार पहुंचे। कलेक्ट्रेट सभागार में प्रदेश के ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा के साथ ब्रज क्षेत्र के अन्य सांसद और विधायकों संग मुख्यमंत्री ने विकास कार्यों की समीक्षा बैठक शुरू की। मुख्यमंत्री ने सभी जनप्रतिनिधियों से उनके द्वारा कराए जा रहे विकास कार्यों के बारे में पूछा। विकास कार्यों में आ रही रुकावट की मालूमात की। इसके बाद उन्होंने कहा कि सरकार लोगों को मुफ्त में गैस कनेक्शन, मकान दे रही है, लेकिन जनता तक इसका पूरा लाभ नहीं पहुंच रहा। उन्होंने जनप्रतिनिधियों को सख्त निर्देश दिए कि हर गरीब और पात्र व्यक्ति को केंद्र व प्रदेश की सभी योजनाओं का भरपूर लाभ मिले। बैठक में प्रदेश के सिंचाई मंत्री धर्मपाल सिंह, ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा, एटा से विधायक राजवीर सिंह, फतेहपुर सीकरी से सांसद चौधरी बाबूलाल, एमएलसी जयपाल सिंह व्यस्त, राज्यसभा सदस्य हरिनाथ सिंह, आगरा के बाह से विधायक रानी पक्षालिका सहित ब्रज क्षेत्र के तमाम सांसद, विधायक के साथ जिलाध्यक्ष भी मौजूद रहे।
Socialize