हर पल न्यूज़ ब्यूरो बदायूँ । नगर पंचायत वजीरगंज में सदर विधायक के प्रतिनिधि के साथ बरेली जा रहे एसओ की निजी कार सुरसेना गांव के समीप पलट गई। इस हादसे में एसओ घायल हो गए। जबकि विधायक प्रतिनिधि बाल-बाल बच गए।
वजीरगंज थाने में तैनात एसओ अमृतलाल रविवार की दोपहर अपने किसी काम से निजी कार से बरेली जाने को निकले। कार में सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता के प्रतिनिधि राहुल वाष्र्णेय भी उनके साथ थे। सुरसेना गांव के समीप उनकी कार का संतुलन बिगड़ने से अचानक कार पलट गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कई पलटे खाने के बाद कार चकनाचूर हो गई। ग्रामीणों ने कार में फंसे एसओ व प्रतिनिधि को बाहर निकाला। हादसे में एसओ अमृतलाल गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके सिर व हाथों में चोटें आई हैं। जबकि विधायक के प्रतिनिधि राहुल वाष्र्णेय बाल-बाल बच गए। जानकारी मिलते ही ब्लाक प्रमुख पति अरविन्द वाष्र्णेय मौके पर जा पहुंचे और घायल एसओ को अपनी गाड़ी से सीएचसी पर लाये। यहां उपचार कराने के बाद एसओ थाने आ गए है। कार में रखे थैले से नकदी बाहर गिरने से हर कोई सकते में है।
क्षतिग्रस्त कार में सरसों के तेल के पीपे और कुछ अन्य सामान, थैले में भरी नकदी जब बाहर गिरी तो सभी हैरान हो गए। हालांकि गांव वालों ने बचा हुआ सामान थाने भिजवा दिया और नकदी का थैला भी एसओ के हवाले कर दिया।
हमारे संवाददाता ने जब एसएसपी अशोक कुमार जी से बात की तो उन्होंने कहा कि हादसे की जानकारी हमें नहीं दी गई है। थाना छोड़ने से पहले हो सकता है कि एसपी देहात से परमीशन ली हो। एसपी देहात से जानकारी ली जाएगी। बगैर अनुमति अगर थाना छोड़ा है तो जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी। बगैर अनुमति थाना मुख्यालय छोड़ने वालों को किसी भी सूरत में नहीं बख्शा जाएगा।
वजीरगंज से शाहिद नूरी के साथ
हर पल न्यूज़ बदायूँ
Socialize